मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन हुए शामिल 

गिरिडीह:  जिले के पचंबा स्थित जरिडीह में गुरुवार को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सूबे के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, डीडीसी स्मृति कुमारी, मेयर प्रमिला मेहरा, उप मेयर सुमित कुमार तथा जेएमएम जिला अध्यक्ष संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में महाविद्यालय की आधारशिला रखी गई। बताया जाता है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद गिरिडीह के छात्रों को इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गिरिडीह जिले को लगातार विकास की सौगात मिल रही है। उन्होंने बताया कि पचंबा क्षेत्र में इस इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ-साथ भविष्य में लॉ कॉलेज और पॉलिटेक्निक संस्थान भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र एक प्रमुख शिक्षा हब के रूप में विकसित होगा। मंत्री ने औद्योगिक इकाइयों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जहां एक ओर उद्योग प्रदूषण फैला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास कर क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित करना आवश्यक है।

वहीं गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि यह इंजीनियरिंग कॉलेज जेएमएम की कर्मभूमि से शिक्षा हब की दिशा में एक मजबूत शुरुआत है और आने वाले समय में इसका लाभ पूरे जिले के युवाओं को मिलेगा।
इस शिलान्यास कार्यक्रम के साथ ही गिरिडीह को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का संकल्प भी दोहराया गया। मौके पर की अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। 

By Admin

error: Content is protected !!