रामगढ़: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने शनिवार को जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों, आम जनों को दी जा रही सेवाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, कर्मियों की उपस्थिति, आम नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन, फिटनेस, परमिट, टैक्स संग्रहण सहित अन्य सेवाओं के निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।उपायुक्त ने कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजनों तक सरल एवं सुगम तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने लंबित आवेदनों एवं मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होने तथा आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही उपायुक्त ने कार्यालय परिसर में आमजनों के बैठने, पेयजल, हेल्प डेस्क एवं सूचना प्रदर्शन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में कार्यरत कर्मियों को आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने एवं शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
