| टैबलेट देकर किया बढ़ाया उत्साह, दी शुभकामनाएं |
रामगढ़: राजधानी रांची में सीसीएल की अर्पिता महिला मंडल के तत्वावधान में सोमवार को जैक मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। गांधीनगर स्थित सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में सीसीएल जोन में निवास करनेवाले छात्र-छात्रा समेत उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह समेत अन्य सदस्य शामिल रहीं।
केंद्रीय कार्यशाला बरकाकाना क्षेत्र अंतर्गत आर्य बाल उच्च विद्यालय की छात्रा अर्चना कुमारी को अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने टैबलेट देकर पुरस्कृत किया और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं अर्चना की माता-पिता को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। बताते चलें कि हेहल निवासी अर्चना ने मैट्रिक परीक्षा में 91.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। अर्चना के पिता गोपाल गिरी पत्रकार हैं और माता किरन देवी गृहणी हैं।
इस उपलब्धि पर अर्चना ने अर्पिता महिला मंडल और सीसीएल के प्रति आभार जताया है। उसने कहा है कि केंद्रीय कर्मशाला बरकाकाना की अध्यक्षा पम्मी कुमार के सहयोग से सम्मानित होने का अवसर प्राप्त हुआ है। समारोह में उत्साह वर्धन से आत्मविश्वास और बढ़ा है। मेहनत और लगन से आगे और भी बेहतर प्रदर्शन करने का हौसला मिला है।
