रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू प्रखंड अंतर्गत जिंदल फाउंडेशन द्वारा संचालित तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र और दिव्यांग विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं बच्चों को दी जा रही शैक्षणिक और अन्य आवश्यक सेवाओं का जायजा लिया।

तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से प्रशिक्षण, अभ्यास, प्रतियोगिताओं में सहभागिता एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने बालिकाओं को निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर वे जिले एवं राज्य का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में उपलब्ध संसाधनों एवं प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं फाउंडेशन के प्रतिनिधियों को खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त दिव्यांग विद्यालय भी पहुंचे जहां उन्होंने अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की एवं उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों, प्रशिक्षण एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने विद्यालय में संचालित विशेष शिक्षण व्यवस्था, बच्चों के लिए उपलब्ध सहायक उपकरण एवं प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस प्रकार के संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिंदल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों से केंद्र और विद्यालय के संचालन, बच्चों की संख्या, उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने समाज के वंचित और विशेष जरूरत वाले बच्चों के उत्थान हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की। निरीक्षण में उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिंदल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, प्रशिक्षकगण, शिक्षकगण एवं अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!