सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की क्षमता 20 बेड करने का निर्देश 
15 दिनों के अंदर ट्रॉमा सेंटर का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश
 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर करने का निर्देश

रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को रामगढ़ पटेल चौक स्थित ट्रॉमा सेंटर, रामगढ़ प्रखंड कार्यालय के समीप निर्माणाधीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और छत्तरमांडू स्थित सदर अस्पताल रामगढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, आधारभूत संरचना, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा भविष्य की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पटेल चौक स्थित ट्रॉमा सेंटर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, भवन की स्थिति, आवश्यक उपकरणों एवं संचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए ट्रॉमा सेंटर का संचालन नियमानुसार प्रारंभ किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इसके उपरांत उपायुक्त ने रामगढ़ ब्लॉक के समीप निर्माणाधीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अभियंताओं को गुणवत्ता के साथ तीव्र गति से निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन का निर्माण शीघ्र समाप्त कर संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जा सके।

वहीं निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त छत्तरमांडू स्थित सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल परिसर में प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के रामगढ़ दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों के आलोक में संबंधित अभियंताओं द्वारा तैयार किए गए विकास कार्यों के मानचित्र (मैप) का अवलोकन किया तथा आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देश दिए, ताकि अस्पताल के आधारभूत ढांचे का समुचित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उपायुक्त ने सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इमरजेंसी वार्ड की वर्तमान क्षमता बढ़ाकर 20 बेड करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिया कि इमरजेंसी सेवाएं अधिक प्रभावी, सुदृढ़ और मरीजों की आवश्यकताओं के अनुरूप संचालित हों।

इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। 

By Admin

error: Content is protected !!