1 से 15 जुलाई तक किसानों को दी जाएगी आधुनिक कृषि तकनीकों और योजनाओं की जानकारी
रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को समाहरणालय परिसर से डिजिटल बिरसा कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसके माध्यम से 01 जुलाई से 15 जुलाई तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों का आधुनिक कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल बिरसा कृषि रथ के माध्यम से किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं कृषि विकास योजनाओं की जानकारी उनके गांव तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही दलहन एवं तिलहन की उन्नत खेती, प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, वैकल्पिक कृषि, समेकित कृषि प्रणाली, हाई वैल्यू एग्रीकल्चर, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य, जल प्रबंधन, बीज उपचार, कृषि यंत्रीकरण, किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्य पालन, पशुओं का टीकाकरण तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करना तथा उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना है। डिजिटल बिरसा कृषि रथ के माध्यम से कृषि वैज्ञानिक, विभागीय पदाधिकारी एवं कृषि प्रसार कर्मी किसानों की तकनीकी समस्याओं का समाधान भी करेंगे तथा योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
उन्होंने किसानों से अपील की कि डिजिटल बिरसा कृषि रथ जब उनके गांव एवं पंचायत पहुंचे, तब अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कृषि विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त करें तथा विभागीय योजनाओं का लाभ उठाएं।
