पर्यावरण का संरक्षण सभी की नैतिक जिम्मेदारी : डॉ. सोनिया
रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटो में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में सिरका के सरपंच लौकेशचंद्र राम भी शामिल रहे। इस दौरान विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी के नेतृत्व में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए चिपको आंदोलन पर आधारित एक प्रेरणादायक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) का प्रदर्शन भी किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को चिपको आंदोलन के इतिहास, उसके उद्देश्य तथा पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं रुचि के साथ कार्यक्रम में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।
अवसर पर प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लें, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
विद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना, वृक्षों के महत्व से परिचित कराना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच का निर्माण करना था। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी नागरिकों से अधिक-से-अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
