सरकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : रामेश्वर उरांव
रामगढ़: झारखंड विधानसभा की आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति के सभापति रामेश्वर उरांव और समिति के सदस्य आलोक कुमार ने बुधवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान समिति द्वारा परिसदन परिसर में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समिति के माननीय सभापति एवं सदस्यों ने जिले में आंतरिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण, केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने विभागवार कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष बल दिया।
इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों ने समिति के समक्ष जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, केंद्रीय सहायता से संचालित परियोजनाओं, राजस्व संग्रहण, आधारभूत संरचना विकास एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा चुनौतियों से भी समिति को अवगत कराया।
बैठक में रामेश्वर ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं संसाधनों के अधिकतम उपयोग का निर्देश दिया।
बैठक में समिति के सदस्य आलोक कुमार ने भी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए और विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया।
