रिपोर्ट – एस. अंसारी
रांची: रेल सुरक्षा बल पोस्ट रांची ने बुधवार को रांची रेलवे स्टेशन पर “ऑपरेशन जन जागरण” के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम आरपीएफ पोस्ट प्रभारी के पर्यवेक्षण में अधिकारियों, स्टाफ और “मेरी सहेली” टीम द्वारा संचालित किया गया।
इस दौरान अकेले यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को “मेरी सहेली” पहल के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें रेल यात्रा और रेलवे स्टेशन पर अपनी सुरक्षा को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया। वहीं कर्मियों ने यात्रियों को बिना वैध टिकट यात्रा न करने, ट्रेन में ज्वलनशील और विस्फोटक पदार्थ लेकर न चलने तथा रेलवे परिसर में अनधिकृत रूप से रेल लाइन पार न करने की हिदायत दी। इसके साथ ही नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट और चोरी जैसी घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन संख्या 139 के बारे में भी जानकारी दी गई। यात्रा के दौरान किसी संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत रेल सुरक्षा बल या हेल्पलाइन 139 पर देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में मौजूद यात्रियों और आमजन ने रेलवे परिसर में सुरक्षा और संरक्षा बनाए रखने में पूरा सहयोग करने तथा इस जन-जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
