हेमंत सोरेन बोले – सड़क सुरक्षा और रोजगार को मिलेगा बल
रांची: सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और युवाओं को स्किल्ड ड्राइवर बनाने के लिए झारखंड सरकार ने मंगलवार को बड़ा कदम उठाया। प्रोजेक्ट भवन में परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स के बीच आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। अवसर पर मुख्य रूप से सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस केंद्र में युवाओं को आधुनिक तकनीक के साथ ड्राइविंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाएं घटेंगी और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने बताया कि सेंटर में सुरक्षित ड्राइविंग, ट्रैफिक नियमों और नए वाहनों की तकनीक की ट्रेनिंग होगी। साथ ही भारी वाहन चालकों के प्रशिक्षण और ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लाइसेंस प्रक्रिया को आसान बना रही है। अब तक 10 हजार से अधिक लर्निंग और ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स की यह साझेदारी राज्य में सड़क सुरक्षा सुधारने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगी।
