पतरातू (रामगढ़): रामगढ़ जिला अंतर्गत पतरातू प्रखंड में रविवार को वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया गया है। घटना से इलाके में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना सांकुल गांव के उपर टोला में घटी। जहां खेत में धान रोपनी के क्रम में वज्रपात से रेखा देवी (45 वर्ष) पति भीखन राम और उनकी पुत्री रोशनी कुमारी वज्रपात की चपेट में आ गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू पहुंचाया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

वहीं दूसरी घटना पलानी गांव के महली टोला में हुई। जहां खेत में धान रोपनी के दौरान सुशांति देवी (34 वर्ष), पति सुरेंद्र उरांव, सुनीता देवी (36 वर्ष) पति अजय उरांव और कंचन कुमारी (17 वर्ष), पिता- करिया महली वज्रपात की चपेट में आ गईं। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस से तीनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने सुशांति देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता देवी और कंचन कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया गया।

वहीं मामले की सूचना मिलते ही पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार महतो सदलबल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे से क्षेत्र के लोग काफी मर्माहत है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी का पालन करें।

By Admin

error: Content is protected !!