रांची/जामताड़ा: झारखंड पुलिस ने रविवार रात जामताड़ा जिले की सीमा पर हुए एनकाउंटर में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को ढेर कर दिया। पुलिस के अनुसार सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। जामताड़ा जिले की सीमा के पास कैदी वैन पंक्चर हो गया। सुजीत सिन्हा को दूसरे वाहन में शिफ्ट करने के दौरान  मौका पाकर सुजीत ने एक पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षा में तैनात जवानों ने भी फायरिंग की, जिसमें सुजीत सिन्हा को गोली लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। बताया जाता है कि मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

2025 में हुआ था जेल स्थानांतरण

जेल प्रशासन के रिकॉर्ड के अनुसार, सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों से 9 अक्टूबर 2025 को सुजीत सिन्हा को मेदिनीनगर केंद्रीय कारा से साहिबगंज मंडल कारा स्थानांतरित किया गया था। यह आदेश पलामू पुलिस और मेदिनीनगर जेल अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर जारी किया गया था।

कई जिलों में फैला था नेटवर्क

मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेडमा निवासी सुजीत सिन्हा का आपराधिक नेटवर्क झारखंड के कई जिलों तक फैला था। उसके खिलाफ रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़ और पलामू सहित विभिन्न जिलों में 60 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें रंगदारी, हत्या, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं। अकेले पलामू जिले में ही उसके खिलाफ 20 से अधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। कुछ मामलों में वह अदालत से बरी भी हो चुका था, जबकि कई अन्य मामलों में सुनवाई लंबित थी।

 

By Admin

error: Content is protected !!