सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
भुरकुंडा (रामगढ़): ईद मिलादुन्नबी पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर भुरकुंडा ओपी में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने की।
बैठक में पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार से बचने पर जोर दिया गया। ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए और सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश प्रसारित न किया जाए।
बैठक के दौरान जुलूस मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। समिति के सदस्यों ने प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवसर पर एसआई अजीत कुमार, प्रदीप मांझी, बारीक अंसारी, डब्लू सिंह, जगतार सिंह, राजेश सिन्हा, मुकेश राऊत, प्रेम विश्वकर्मा, प्रेम मुंडा, मोहम्मद इरफ़ान अंसारी, मोहम्मद अली,अब्दुल नाजिर सहित अन्य लोग मौजूद थे।
