पीएम श्री रजरप्पा, बरियातू और कुल्ही में शैक्षणिक व्यवस्था का लिया जायजा
रामगढ़: माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद एवं संयुक्त सचिव कुंवर सिंह पाहन ने रामगढ़ जिले के तीन पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल ने पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय रजरप्पा प्रोजेक्ट, बरियातू और कुल्ही का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। विद्यालय परिसर में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ ही अधिकारियों ने छात्रों से सीधे संवाद कर पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
अवसर पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद ने शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ आधारभूत संरचना को भी आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा देने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार सील, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनूप माइकल केरकेट्टा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार राज सहित तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं विभागीय कर्मी उपस्थित थे।
