भक्तों ने किया भोले बाबा का जलाभिषेक, लंबी कतार लगी
रांची: सावन की अंतिम सोमवारी पर शहर के प्रमुख शिवालयों में भक्तों की भीड़ रही। लोगों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मंगलकामना की। अवसर पर प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर में लगी भक्तों की कतार रातू रोड तक पहुंच गई।
तड़के सुबह पहाड़ी मंदिर में पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 3:30 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिए गए। इसके बाद देर शाम तक जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा। मंदिर समिति के अनुसार अरघा व्यवस्था के जरिए करीब 1.50 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया। भक्त दूध, गंगाजल, बेलपत्र, फूल और माला लेकर कतारों में लगे रहे।
अंतिम सोमवारी पर हर उम्र के लोगों में उत्साह दिखा। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चों के साथ-साथ बड़ी संख्या में कांवरिये स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर शिवालयों तक पहुंचे। पहाड़ी मंदिर के अलावा सुरेश्वर धाम, चुटिया स्थित इक्कीसों धाम, मधुकम के लिंगेश्वर मंदिर और अरगोड़ा के बूढ़ा महादेव मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ रही।
पूरे दिन मंदिरों के आसपास हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। कई जगहों पर पूजा समितियों द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी।
