रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर बारिश से आवागमन में समस्या
रिपोर्ट- एस. अंसारी
रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित ओरमांझी प्रखंड चौक इन दिनों गंभीर जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है। एनएच-33 पर चौक के बीचों-बीच इस कदर पानी जमा है कि सड़क और तालाब में अंतर करना मुश्किल हो गया है। व्यस्त हाईवे पर इस जलजमाव से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
यह चौक क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यहां से एक सड़क चंदवे और मोहराबादी को जोड़ती है, तो दूसरी सड़क कुटे और सिकिदिरी की ओर जाती है। यही मुख्य मार्ग रांची को रामगढ़ से भी जोड़ता है। आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए रोजाना आवाजाही का यह प्रमुख मार्ग है।
बारिश के बाद सड़क पर पानी भरने से सड़क की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता है। गड्ढे और टूटी सड़क पानी के नीचे छिप जाते हैं। तेज रफ्तार वाहनों के अचानक असंतुलित होने का डर बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस कारण यहां लगातार हादसे की आशंका बनी रहती है और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
सबसे अधिक परेशानी बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को हो रही है। बड़े वाहनों के गुजरने पर सड़क का गंदा पानी उछल कर राहगीरों और किनारे की दुकानों तक पहुंच जाता है। चौक के दुकानदारों का कारोबार भी इससे प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और एनएच विभाग से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क की मरम्मत करने की मांग की है।
जलजमाव से बनी रहती है दुर्घटना की आशंका: आजाद
चकला निवासी आजाद ने कहा, “ब्लॉक चौक जाना अब किसी मुसीबत से कम नहीं है। एनएच-33 पर इतना पानी जमा है कि सड़क दिखाई तक नहीं देती। रोजमर्रा के काम के लिए इसी रास्ते से जाना पड़ता है, हादसे का डर बना रहता है। सड़क पर पानी जमा रहने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बाइक सवारों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।”
