मवेशियों की बिमारी और उपचार की दी गई जानकारी 

रिपोर्ट- एस. अंसारी 

रांची: मांडर प्रखंड के सुरसा पंचायत सचिवालय में शनिवार को पशुपालकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला गव्य विकास कार्यालय की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण में दुधारू पशुओं के बेहतर प्रबंधन, पोषण और बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई।

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के गव्य विकास निदेशालय के तहत आयोजित कार्यक्रम में जिला गव्य विकास पदाधिकारी दीपेंद्र सिंह और डॉ. जीवन राय ने पशुपालकों को दुधारू गायों की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए।

प्रशिक्षण के दौरान पशुपालकों को अच्छी नस्ल की गायों के चयन, उचित पोषण, चारा प्रबंधन और नियमित देखभाल के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही पशुओं में होने वाली बीमारियों से बचाव, उपचार में बरती जाने वाली सावधानियों और प्रसव के दौरान रखी जाने वाली सतर्कता पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सब्सिडी का लाभ लेने की प्रक्रिया और संपर्क की जानकारी भी दी। इस मौके पर पशुपालकों के बीच प्रशिक्षण मार्गदर्शिका पुस्तिका का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य एतवारी कुजूर, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष शमीम अख्तर, विधायक प्रतिनिधि आबिद अंसारी, इरसाद अंसारी और लछु उरांव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।