भाजपा रामगढ़ जिला कमेटी ने की प्रेस वार्ता, 17 सितंबर से चलेगा अभियान
रामगढ़: भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला कमेटी के तत्वावधान में रविवार को शहर के होटल ला मैरिटल में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि सह मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद उपस्थित रहे। अवसर पर जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. संजय प्रसाद सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, सह प्रभारी भीमसेन चौहान, सोशल मीडिया सह प्रभारी एवं भदानीनगर अध्यक्ष शौर्य प्रसाद कुशवाहा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण से लेकर अब तक के 25 वर्षों की इस यात्रा के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
आगामी 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया एवं रक्तदान कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत होगी। 17 सितंबर को सायं 7:00 बजे प्रत्येक घर में विशेष रूप से लाभार्थियों के घर दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा और रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इसके साथ ही मेरे सपनों का भारत थीम पर एक माह तक सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में चित्रकारी और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। नमो सेवा – अनकही कहानियां कार्यक्रम के अंतर्गत 30 मिनट की भावनात्मक नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
इसके साथ ही आगामी 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। वहीं मोदी सरकार की योजनाओं से आए बदलावों पर 1 मिनट की रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा की जाएगी। सेवा ज्योति कलश यात्रा कार्यक्रम में 7 अक्टूबर को यात्रा निकालकर 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा के अंतर्गत 10-10 टोलियों द्वारा वडनगर और वाराणसी के बीच यात्रा कर पवित्र नदियों के जल से हाटकेश्वर महादेव एवं काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
वहीं सेवा सेतु अभियान के तहत विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ दिया जाएगा। वहीं सेवा के रंग एवं इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश दिया जाएगा तथा युवा इनोवेटर्स के लिए सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज आयोजित होगा।
इसके अलावा 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रत्येक जिला कार्यालय में पुस्तकालय का उद्घाटन और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर व्यापक स्वच्छता अभियान और खादी प्रचार-प्रसार का आयोजन किया जाएगा।
