रांची: 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मियों की हड़ताल बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आश्वासन के बाद खत्म हो गई। मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें एंबुलेंस कर्मियों ने वेतन में देरी, मनमाने स्थानांतरण और सुविधाओं को लेकर अपनी शिकायतें रखीं। कहा गया कि एंबुलेंस का संचालन कर रही एजेंसी ने पूर्व में दिए गए आश्वासनों पर कोई पहल नहीं की है। वहीं एजेंसी की ओर से वेतन में गड़बड़ी सहित अन्य आरोपों से इंकार कर दिया। कहा गया कि काम में रूचि नहीं लेनेवाले ड्राइवर और कर्मियों का तबादला भर किया गया है।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने स्थानांतरण सहित सभी शिकायतों की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित अन्य उपस्थित थे।
