रांची: महानगर दुर्गा पूजा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को समाहरणालय में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान समिति ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पूजा के दौरान लाखों श्रद्धालु पंडालों का रुख करते हैं, लेकिन कई इलाकों में गंदगी, टूटी सड़कें, बंद स्ट्रीट लाइट और पेयजल की किल्लत से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूजा शुरू होने से पहले सभी प्रमुख मार्गों और पंडाल क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, जर्जर सड़कों की मरम्मत हो और अंधेरे वाले स्थानों पर लाइटें लगाई जाएं। उपायुक्त ने समिति की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
इस मौके पर अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था धनंजय कुमार, समिति के आजीवन सदस्य डॉ अजीत सहाय, कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा, संजय मिनोचा, जय सिंह यादव, सागर कुमार, मोहम्मद इस्लाम, राजन वर्मा, संजय सिन्हा, उज्जवल दुबे, अमरनाथ साहू, राजू वर्मा और मयंक गिरी सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
