चतरा: कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में झाड़ियों से नाबालिग लड़की के शव बरामदगी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। मामले में दो अभियुक्तों बानासाम गांव निवासी कमलेश भारती और मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 15 सितंबर को बेसरा गांव की झाड़ियों में शव होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में कुंदा थाना में कांड संख्या 62/26 दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि 14 सितंबर को तीज पर्व पर गांव में डीजे बज रहा था, जिसे देखने किशोरी गई थी। दोनों युवक उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गए और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका की लाल टॉर्च, हेयर पिन, घटना के समय पहने गए कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
छापेमारी टीम में थाना प्रभारी अमित कुमार, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित, मुनेश्वर चौधरी, सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे।
