खूंटी/रांची: खूंटी पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सायको और अड़की थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो मास्टर चाबियां, आठ मोबाइल फोन और ओडिशा नंबर की एक बोलेरो पिकअप भी जब्त की है। बरामद पिकअप के बाद अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरोह मास्टर चाबी से बाइक का लॉक खोलकर चोरी करता था और ग्रामीण इलाकों में कम कीमत पर बेच देता था। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी करीब एक साल से इस धंधे में सक्रिय थे।
एसपी को 18 सितंबर को सायको थाना क्षेत्र में गिरोह के जुटने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर डीएसपी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में टीम गठित कर सायको और अड़की में घेराबंदी कर सभी को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में गुरुदयाल मुंडा, मसीह मुंडा, जयराम मुंडा (तीनों खूंटी निवासी) और इसरायल पूर्ति, मनमसीह पूर्ति, मोहन लोहार, एतवा मुंडा, समराय होरो (सभी सरायकेला-खरसावां निवासी) शामिल हैं। गुरुदयाल को गिरोह का सरगना बताया गया है। पकड़े गए लोगों में एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस चोरी की बाइकों को दूसरे जिलों में खपाने वाले नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। कार्रवाई में खूंटी, सायको, अड़की, मारंगहादा, कुचाई थाना पुलिस और सायको सैट के जवान शामिल थे।
