सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान को लेकर मांगी जा रही थी घूस
रांची/बोकारो: सीसीएल कथारा एरिया के गोविंदपुर परियोजना में सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान के बदले घूस मांगते दो क्लर्क शुक्रवार को सीबीआई के हत्थे चढ़ गए। सीबीआई धनबाद की टीम ने सेवानिवृत्त कर्मी से 18 हजार रुपये घूस लेते दोनों क्लर्क को रंगे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें अपने साथ ले गई।
मिली जानकारी के अनुसार परियोजना के सर्वे विभाग से तकरीबन सात माह पूर्व रसूल जमा सेवानिवृत्त हुए थे। उनका सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान की प्रक्रिया लंबित थी। प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के एवज में सीएमपीएफ क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज द्वारा 18 हजार रुपये घूस मांगा जा रहा था। जिसकी शिकायत रसूल जामा ने सीबीआई से कर दी।
सीबीआई ने जांच पड़ताल में मामले का सत्यापन करते हुए योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया। इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार की अगुवाई में टीम 11 बजे परियोजना कार्यालय पहुंची। इस दौरान रसूल जामा ने दोनों क्लर्कों को 18 हजार रूपये दिए। रकम लेते ही सीबीआई टीम ने दोनों क्लर्कों को दबोच लिया। विधिवत गिरफ्तारी कर हुए टीम उन्हें अपने साथ ले गई। सीबीआई की कार्रवाई से परियोजना से लेकर समूचे प्रक्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
