रांची: इस बार दुर्गा पूजा में अरगोड़ा का नजारा बदला नजर आएगा। यहां डिज्नीलैंड थीम पर 50 फीट ऊंचा भव्य पंडाल तैयार हो रहा है, जिसके अंदर 14 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
अरगोड़ा दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति की देखरेख में 40 फीट चौड़े पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। बंगाल के कारीगर इसे आकार दे रहे हैं। पंडाल का बाहरी हिस्सा सफेद और गुंबद नीले रंग का होगा। अंदर महलनुमा संरचना बनाई जा रही है। मध्य भाग में भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। अलग-अलग हिस्सों में मां दुर्गा के झंडे लगाए जाएंगे।
प्रतिमा निर्माण की जिम्मेदारी मूर्तिकार जगदीश चंद्र पाल को दी गई है। पंडाल, पूजा और अन्य आयोजनों पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। अरगोड़ा चौक से मंदिर परिसर तक विद्युत सज्जा भी की जाएगी।
अरगोड़ा में वर्ष 1967 से दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। इस बार पंचमी से विजयादशमी तक शाम छह बजे से छऊ नृत्य होगा। महाष्टमी पर भोग और महानवमी पर बुंदिया प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
आयोजन की जिम्मेदारी मुख्य संरक्षक पंकज साहू, अध्यक्ष प्रकाश साहू, कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहू और सचिव अजित साहू समेत समिति के अन्य पदाधिकारी व सदस्य संभाल रहे हैं। इनमें राजेश साहू, वीरेंद्र साहू, भोला राम साहू, लख राज राम, कंचन साहू, पवन साहू, धनु साहू, पंचानंद साहू, अवध साहू, मुनेश्वर साहू, रामस्वरूप साहू, रवि साहू, चंदन साहू, कार्तिक साहू, बबलू कश्यप, प्रिंस साहू और बृश साहू शामिल हैं।
