रांची: जिले के विभिन्न थाना और ओपी में शुक्रवार को जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची ने स्वयं कोतवाली थाना में, पुलिस अधीक्षक नगर ने बरियातू थाना में, पुलिस अधीक्षक यातायात ने धुर्वा थाना में और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने ओरमांझी थाना में उपस्थित रहकर आम लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों का निष्पादन किया।

जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों ने पूर्व से निर्धारित थानों में और सभी थाना/ओपी प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्र में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत जिले भर के थानों में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 72 मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। सबसे अधिक 9 मामले कोतवाली थाना में प्राप्त हुए। इस दौरान कई संवेदनशील मामले भी सामने आए, जिन पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अविलंब 6 प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। शेष मामलों में जांच की जा रही है।

वहीं सीईआईआर पोर्टल के तहत रांची पुलिस द्वारा बरामद किए गए 53 गुम मोबाइल फोन भी संबंधित धारकों को लौटाए गए। खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण आवागमन में परेशानी को देखते हुए संबंधित थानों में ही मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस किए गए।