गिद्दी (हजारीबाग): राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत शुक्रवार को गिद्दी क्षेत्र में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन उत्साह के साथ किया गया। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गिद्दी बस्ती के मार्गदर्शन में गिद्दी ए, रैलीगढ़ा और गिद्दी सी के छह प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
खराब मौसम के बावजूद लोगों में उत्साह बना रहा और कुल 3130 लोगों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम में भाग लिया। ये आयोजन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गिद्दी बस्ती प्रांगण, डीएवी पब्लिक स्कूल प्रांगण, दुर्गा मंडप गिद्दी ए, हॉस्पिटल चौक गिद्दी ए, शिव मंदिर रैलीगढ़ा और दुर्गा मंडप गिद्दी सी में किए गए। बताया जाता है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय के प्राचार्य रवींद्र कुमार मिश्र और आचार्यों ने व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डाड़ी प्रखंड की बीडीओ अनुप्रिया, सीओ कमलकांत वर्मा, गिद्दी प्रोजेक्ट कोलियरी के पीओ रणधीर कुमार सिंह, रैलीगढ़ा हाई स्कूल के प्राचार्य मनोज कुमार, डीएवी विद्यालय की प्राचार्या मनप्रिया चटर्जी, अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जेड आई खान, मुखिया लखन लाल महतो, समाजसेवी पुरुषोत्तम पांडे, सुमन देवी, शिक्षक मधुरेंद्र मणि त्रिपाठी समेत कई गणमान्य लोग, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने खराब मौसम के बावजूद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार जताया।
