कांके (रांची): हुसीर गांव की सरवरी परवीन ने कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बीच अपनी मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची के एमए उर्दू सत्र 2024-26 में टॉप कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। उनकी सफलता पर शनिवार को झारखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव सह पूर्व जिला परिषद सदस्य अईनुल हक अंसारी ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया।

अईनुल हक अंसारी ने सरवरी को फूल-माला, बुके और शॉल भेंट किया। उन्होंने उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।

सरवरी परवीन आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं। उनके पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। पारिवारिक परेशानियों और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई का सिलसिला जारी रखा और विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया।

सरवरी की सफलता की खबर से हुसीर गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धि को क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा बताया। सम्मान कार्यक्रम में अली हसन अंसारी, साकिब अंसारी, अबू समा, नेसार अहमद और सत्तार अंसारी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।