रांची: विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर रांची नगर निगम ने कोचिंग संस्थानों पर सख्ती बढ़ा दी है। भवन और तय मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है। इसके बाद सील किए गए संस्थानों के प्रबंधकों और अन्य संचालकों ने नगर आयुक्त सुशांत गौरव से मुलाकात की।

बैठक में संचालकों ने सुरक्षा मानकों का पालन करने का भरोसा दिया। नगर आयुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। नगर निगम का उद्देश्य पढ़ाई प्रभावित करना नहीं, बल्कि सुरक्षित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करना है।

सील किए गए संस्थानों को पहले सभी कमियां दूर करनी होंगी। इसके बाद संचालकों को शपथ-पत्र के माध्यम से नगर निगम को यह जानकारी देनी होगी कि निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन कर लिया गया है। नगर निगम इस अनुपालन के आधार पर नियमानुसार अनसीलिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।

संस्थानों में वैध फायर एनओसी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेड लाइसेंस होना जरूरी है। विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार सीटिंग क्षमता तय करनी होगी। सुरक्षित प्रवेश-निकास और आपात स्थिति में बाहर निकलने की पर्याप्त व्यवस्था भी करनी होगी।

इसके अलावा भवन से जुड़े सुरक्षा मानकों का पालन, नियमित मॉक ड्रिल और आपदा प्रबंधन की तैयारी भी जरूरी होगी। मानकों की पूर्ति और अनुपालन की जानकारी मिलने के बाद ही सील हटाने की प्रक्रिया पर आगे कार्रवाई की जाएगी।