गांधी-शास्त्री जयंती पर दिया अनुशासन का संदेश

उरीमारी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में शुक्रवार को ‘रन फॉर डीएवी’ दौड़ का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। मैराथन में कक्षा सातवीं से बारहवीं तक के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। दौड़ का शुभारंभ सुबह 7 बजे जर्जरा स्थित शिव मंदिर से हुआ, जो विद्यालय परिसर तक पहुंचकर समाप्त हुई।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व प्रोजेक्ट ऑफिसर जेएन गुप्ता सहित विशिष्ट उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव और एएसआई संजय यादव  मौजूद रहे। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल और मोमेंटो देकर स्वागत किया।

अवसर पर प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने कहा कि ‘रन फॉर डीएवी’ केवल दौड़ नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, एकता और अनुशासन का प्रतीक है। गांधी जी ने सत्य-अहिंसा और शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का मंत्र दिया। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को स्वच्छता व अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

मैराथन के बालक वर्ग में प्रिंस कुमार (कक्षा 9) पहले, हिमांशु कुमार (कक्षा 8), दूसरे और शुभम कुमार (कक्षा 8) तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में पायल कुमारी (कक्षा 12) पहले, अमृता कुमारी (कक्षा 7) दूसरे और किरण कुमारी (कक्षा 7) तीसरे स्थान पर रही।

मैराथन के उपरांत विद्यालय में जयंती समारोह आयोजित हुआ। जिसमें  महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री  के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों व कर्मचारियों की भूमिका रही। मंच संचालन शिक्षक राहुल कुमार सिंह ने किया‌