झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय के 207 विद्यार्थियों को मिली डिग्री

रांची: झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में सोमवार को 207 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। अलग-अलग संकायों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिला। रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विद्यार्थियों को नई जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद युवाओं की भूमिका केवल रोजगार तक सीमित नहीं है। बदलते दौर में देश की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों को समझना और उनके समाधान में योगदान देना भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने तकनीकी क्षमता के साथ वैज्ञानिक सोच, विश्लेषण कौशल और नैतिक मूल्यों को जरूरी बताया।

साइबर सुरक्षा को बनाया जाए प्राथमिकता

गंगवार ने साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी नई चुनौतियों का उल्लेख करते हुए युवाओं को इसके लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने डीपफेक, वॉयस क्लोनिंग, डिजिटल धोखाधड़ी, डेटा सुरक्षा, वित्तीय अपराध और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दुरुपयोग को सुरक्षा व्यवस्था के सामने उभरती चुनौतियां बताया।

शोध और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में साइबर अपराध, अपराध मनोविज्ञान, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशीले पदार्थों की रोकथाम, वित्तीय अपराध, आपदा प्रबंधन और आधुनिक पुलिसिंग से जुड़े शोध को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। उन्होंने पुलिस, रक्षा संस्थानों, तकनीकी संस्थानों और उद्योगों के साथ विश्वविद्यालय के सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।

समारोह में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, उत्तर प्रदेश राज्य फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान के निदेशक एवं सेवानिवृत्त आईपीएस जीके गोस्वामी, विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति राहुल पुरवार, रजिस्ट्रार डॉ. हेमेंद्र कुमार भगत सहित शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।