पब्लिक की सुरक्षा पहली प्राथमिकता, संदिग्धों पर रखें विशेष निगरानी : एसपी 

रामगढ़: आगामी दुर्गा पूजा सहित अन्य त्योहारों के सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सोमवार को रामगढ़ थाना का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ने थाना परिसर, अभिलेखों, हाजत और पुलिसकर्मियों की उपस्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने थाने के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने अड्डेबाजी एवं असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने, सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा नहीं होने देने एवं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान तेज करने को कहा। सक्रिय अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।

एसपी ने थाना क्षेत्र में पैदल गश्ती बढ़ाने, पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने और महिला, बच्चों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।

इसके अलावा अफवाह और भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखने एवं आवश्यकता पड़ने पर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया। अंत में एसपी ने सभी पदाधिकारियों को त्योहारों के दौरान सतर्कता, संवेदनशीलता एवं प्रोफेशनल पुलिसिंग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।