रांची: पिठौरिया थाना क्षेत्र के केला बागान के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान महिरा कुमारी पिता अमर प्रजापति के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ। सड़क पार करने के दौरान बाइक ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन आनन-फानन में उसे कांके जनरल अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेदांता रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे रानी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, हादसे के बाद बाइक चालक मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पिठौरिया पुलिस ने बाइक (JH 07G 1360) को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। बाइक के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

