बोकारो/रांची: दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ और जाम से निपटने के लिए बोकारो में यातायात व्यवस्था बदली गई है। 16 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, शहरी क्षेत्र में सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहन नहीं चलेंगे।

चास से नया मोड़ जाने वाले तीनपहिया और चारपहिया वाहनों को हवाई अड्डा से दाहिने मुड़कर राम मंदिर चौक और राजेंद्र चौक के रास्ते जाना होगा। जोधाडीह मोड़ और धर्मशाला चौक से महावीर चौक की ओर इन वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
एमजीएम स्कूल गेट से कालीबाड़ी मोड़ तक सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। बसंती मोड़ से कालीबाड़ी और चेकपोस्ट से चास थाना की ओर भी तीनपहिया व चारपहिया वाहन नहीं जा सकेंगे।

जरीडीह टोल प्लाजा और फोरलेन चौक से जरीडीह बाजार की ओर दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। भारी वाहनों को जरूरत के अनुसार निर्धारित स्थानों पर रोका जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी लें और निर्धारित मार्गों का पालन करें, ताकि पूजा के दौरान जाम से बचा जा सके।

