रांची: प्रोजेक्ट भवन सभागार में सोमवार को मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह सह नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। समारोह में अंगवस्त्र देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री चमरा लिंडा और मंत्री हफीजुल हसन अंसारी मौजूद रहे। इसके अलावा विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा समेत विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।
अवसर पर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, झारखण्ड सरकार के मार्गदर्शन में पैन आईआईटी एलुमनाई फाउंडेशन द्वारा गुरुकुल, आईटीआई और नर्सिंग कॉलेजों के माध्यम से अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 के दौरान कुल 3,044 युवाओं को प्रशिक्षित कर प्लेसमेंट दिलवाने का काम किया गया। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में कल्याण गुरुकुल से 2,014 युवा, नर्सिंग कौशल कॉलेज से 746 युवा और आईटीआई कौशल कॉलेज से 284 युवा शामिल हैं। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित लगभग 300 युवा प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। इनमें से लगभग 500 युवा संयुक्त अरब अमीरात और दुबई में नौकरी करने जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुसार हम अपने बच्चों के स्किल को डेवलप करें, उनके हुनर को तराशा जाए ताकि वे अपने बेहतर भविष्य की ओर सफर तय कर पाएं। उन्होंने कहा कि एआई का समय वैश्विक रूप में हमारे सामने खड़ा है, उसमें पढ़ाई के साथ-साथ हुनर की भी जरूरत है। हमारे समाजों में शिक्षा विलंब से शुरू हुआ। नौजवानों से मेरा यही आग्रह है कि आने वाली पीढ़ी को और गति देने के लिए हमें हमारी रफ्तार को बढ़ाना पड़ेगा। हमारे बच्चों को, हमारे भाइयों को, अपने घर वालों को बताना होगा कि हमें कितनी तेजी से आगे चलना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारे नौजवानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। धीरे-धीरे आप कई जिम्मेवारियों और दायित्वों से जुड़ेंगे। इन दायित्वों का निर्वहन तभी आप मजबूती से कर सकेंगे, जब आप मजबूती से स्थापित हो पाएंगे। उन्होंने सभी युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

