हजारीबाग: कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द में सोमवार को पुलिस और अपराधियों बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। जबकि दो फरार हो गए। घायलों की पहचान पदमा निवासी दीप नारायण भगत और चतरा जिले के नगवां निवासी राहुल कुमार उर्फ रॉकी के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अमन कुमार समेत अन्य वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार हाल में हुई रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला था कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

जानकारी के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो बाइक पर सवार चार लोग जांच चौकी के पास पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अपराधी घायल होकर गिर पड़े। जबकि दो अपराधी बाइक लेकर भाग निकले। पुलिस ने घायल अपराधियों को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से हथियार और बाइक भी जब्त किया गया। 

बताया जाता है कि घायल राहुल कुमार उर्फ रॉकी पहले से वांछित था। बीते गुरुवार को चौपारण में एक होटल में हुई फायरिंग की घटना में भी रॉकी शामिल था। उस घटना के बाद वह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया था। सोमवार को डाटोखुर्द में मुठभेड़ के दौरान वह अपने साथी के साथ घायल अवस्था में पकड़ा गया है। 

कार्रवाई में कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, बरही थाना प्रभारी विनोद यादव, कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित पुलिस बल शामिल थे। 

 

Photo courtesy Social media