बड़कागांव (हजारीबाग): सांसद मनीष जायसवाल के सौजन्य से सांसद तीर्थ दर्शन महाभियान का सौंवां जत्था शनिवार को बड़कागांव से रवाना हुआ। जत्थे में दो बस पर कुल एक सौ तीस तीर्थयात्री शामिल हैं, जो काशी, प्रयागराज, अयोध्या और विंध्याचल के दर्शन के लिए गए हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू और हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल मुख्य रूप से शामिल रहे। सौवां जत्था बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की सांढ और नयाटांड पंचायत के तीर्थयात्रियों का था। गुरूचट्टी स्थित मां अम्बे दुर्गा स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में हवन हुआ। सभी तीर्थयात्रियों के पांव पखारे गए, पुष्पवर्षा की गई और उन्हें अंगवस्त्र, थैला, अल्पाहार और गमछा दिया गया।
इसके साथ ही गुरूचट्टी से लगभग दो किलोमीटर लंबी सम्मान यात्रा निकाली गई। यह यात्रा हॉस्पिटल चौक, दाता बाबा चौक, बड़कागांव चौक और नीचे दुर्गा मंडप चौक होते हुए सूर्य मंदिर प्रांगण पहुंची। यात्रा में ढोल-ताशा, संकीर्तन टोली, टाना भगतों का जत्था, पंडितों का शंखनाद, एकल विद्यालय का समूह और छऊ नृत्य के कलाकार शामिल हुए।
अवसर पर आदित्य साहू ने कहा कि मनीष जायसवाल बुजुर्गों की सेवा का काम कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना, मुफ्त राशन योजना और महिला आरक्षण के मुद्दे का भी उल्लेख किया। उन्होंने राज्य सरकार पर बुजुर्गों को पेंशन और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सवाल उठाए।
वहीं सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि वे सांसद के रूप में नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के बेटे के रूप में काम करते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा में बढ़ती मांग को देखते हुए दूसरी बस शुरू की गई है। उन्होंने सामूहिक विवाह, बेटियों को लहंगा देना, श्राद्ध सामग्री देना, मंदिरों के जीर्णोद्धार और खेल आयोजनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आगामी चौदह फरवरी को बरही में सांसद सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, पूर्व विधायक किशुन दास, पूर्व विधायक लोकनाथ महतो सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सांसद सह-प्रतिनिधि अनिल मिश्रा ने किया।

