राज्य सरकार ने दी 9,097 करोड़ की योजनाओं की सौगात
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर शनिवार को खेलगांव स्टेडियम में भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ विधायक कल्पना सोरेन, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव, दीपक बिरूआ, चमरा लिंडा, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, योगेंद्र प्रसाद सहित अन्य विधायक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर किया।

अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तकरीबन 9,097 करोड़ रुपये की 1643 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। जिसमें लगभग 5941 करोड़ की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास और 3155 करोड़ की 820 योजना का उद्घाटन किया। इन योजनाओं में सड़क, पुल, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास और ग्रामीण आधारभूत संरचना से जुड़े काम प्रमुख हैं।
वहीं समारोह में मेधावी विद्यार्थियों और उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न बोर्ड के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया, जबकि तेरह अधिकारियों को वीरता पदक और तीस अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इसके अलावा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि जल, जंगल और जमीन सिर्फ पहाड़, नदी और जंगल नहीं हैं, बल्कि झारखंड की पहचान और जीने का आधार हैं, जिन्हें बचाकर ही आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह राज्य आंदोलन और खून-पसीने से बना है, यह भीख में नहीं मिला है, इसलिए अपने हक और अधिकार के लिए हर संघर्ष करने की क्षमता राज्य में है। उन्होंने केंद्र सरकार पर राज्य के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड अपने अधिकारों के लिए पहले भी लड़ता रहा है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य के पचास लाख से अधिक परिवारों तक हर माह कम से कम दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से वर्ष दो हजार पचास तक झारखंड देश के सबसे अग्रणी राज्यों में खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के तीन करोड़ पच्चीस लाख लोगों के प्रति समर्पित ईमानदार नजरिये के साथ अबुआ सरकार लगातार काम कर रही है।
समारोह को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और राज्य सरकार के कार्यों और प्रयासों को आम जनता से साझा किया। अवसर पर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत स्टेडियम में लगे राज्य स्तरीय मेले का भी समापन हुआ।
Photo courtesy Social media/cm

