रांची: भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शनिवार को लोक भवन के निकट एक दिवसीय धरना दिया। जिसमें महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और पत्रकार पर कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया गया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी बेलगाम हैं और महिलाएं असुरक्षित हैं। राज्य में बढ़ते अपराध, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निशा भगत, ऋषिका पहाड़िया, संध्या कुमारी और सुभाष मुंडा की हत्या जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
इस दौरान शशांक राज ने कांग्रेस विधायक से जुड़े कथित नाबालिग बच्ची के कथित यौन शोषण और दुष्कर्म के मामले को उठाते हुए जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि पीड़िता को लेकर धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले में आगे पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों का पालन नहीं किया गया। पुलिस की कार्यशैली भी सवालों में घिरी हुई है। पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं शशांक राज ने पत्रकार अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं को उठाने और सरकार से सवाल पूछने वाले पत्रकारों को निशाना बनाना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
धरना में अजय साहू, अशोक बड़ाइक, रोमित नारायण सिंह, बिक्की लोहरा, सचिन साहू, अतुल पांडेय, ललितोजहा, जितेंद्र वर्मा और राहुल चौधरी समेत भाजपा और भाजयुमो के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

