रामगढ़: सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को अपने पैतृक गांव नेमरा में बाहा पर्व को लेकर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री आठ मार्च की शाम परिवार समेत नेमरा गांव पहुंचे। जहां उनका स्वागत किया गया।
गुरुवार को मुख्यमंत्री सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सरना स्थल पहुंचे। जहां ढोल-नगाड़ों के थाप के बीच परंपरागत तरीके से मारंगबुरू की पूजा-अर्चना की गई।
वहीं मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर जनता दरबार लगाया गया। जहां मुख्यमंत्री आम लोगों से रूबरू हुए और उनकी समस्याओं से अवगत हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई जनसमस्याओं पर त्वरित पहल का आश्वासन दिया। कई मामलों को लेकर अधिकारियों को निर्देश भी दिया।
वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां बाहा पर्व का आयोजन हो रहा है। पूरे राज्य में इन दिनों जगह-जगह बाहा पर्व मनाया जा रहा है। इस समय पेड़-पौधों पर नये फूल-पत्ते आते हैं। जिनका हम सभी हर्सोल्लास से स्वागत करते हैं।


