सांसद मनीष जायसवाल ने कहा – डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार कर रहे प्रधानमंत्री मोदी
हजारीबाग: अखिल भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 126वीं जयंती सोमवार को सांसद सेवा कार्यालय, हजारीबाग के सभागार में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। समारोह में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और जन-कल्याण के लिए समर्पित था। उन्होंने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान” के खिलाफ जो ऐतिहासिक संघर्ष छेड़ा था, उसे आज धरातल पर उतारा जा चुका है।
उन्होंने कहा, “डॉ. मुखर्जी के उसी महान राष्ट्रभक्ति के सपने को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दूरदर्शी और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से साकार कर रहे हैं। केंद्र सरकार की नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को समर्पित हैं, जो डॉ. मुखर्जी के अंत्योदय के विचार का जीवंत रूप है।”
मौके पर सांसद प्रतिनिधि अजय कुमार साहू, किशोरी राणा, पूनम साव, भगवान केशरी, अजय मेहता, अनूप कुमार, सुमन गिरी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजकरण पांडेय, विक्रमादित्य, राजेंद्र पासवान, पीयूष राणा, कपिलदेव सिंह, परमानंद तिवारी, मुकेश साव, सुनील सिंह, नौसाद आलम, नजरुल अंसारी, आफताब आलम, ललिता देवी, सबिता देवी, निर्मल कुमार, सोनू यादव, अमित कुमार, रामानंद गिरी, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, रूपम ओझा, राजेश राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन उपस्थित थे।
