भुरकुंडा (रामगढ़): रिवर साइड स्थित सीसीएल के ऑफिसर्स क्लब में सोमवार को आहूत त्रिपक्षीय वार्ता को लेकर भुरकुंडा पंचायत भवन में रविवार को भुरकुंडा क्षेत्र कोयलांचल संघर्ष समिति की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सह भुरकुंडा पंचायत के मुखिया अजय पासवान और संचालन संरक्षक चमनलाल ने किया। बैठक में मुख्य संरक्षक सह पूर्व जिप उपाध्यक्ष मनोज राम और समिति के सचिव प्रदीप मांझी मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि त्रिपक्षीय वार्ता में आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा की जा रही माइनिंग से संबंधित सभी मांगों को समिति के प्रतिनिधियों द्वारा पुख्ता तौर पर रखा जाएगा। आउटसोर्सिंग कंपनी में क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के रोजगार, लोकल सेल चालू कर पर्याप्त कोयला आवंटित करने, भुरकुंडा में बढ़ते प्रदूषण की तत्काल रोकथाम के ठोस उपाय करने और माइनिंग के फ्यूचर प्लान साझा करने की मांग से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रबंधन को भी बिना लाग-लपेट साफ तौर पर स्थित स्पष्ट करनी होगी, अन्यथा समिति क्षेत्रवासियों के लिए आगे हर जरूरी कदम उठाएगी।
बैठक में श्रीनाथ करमाली, जगतार सिंह, योगेश दांगी, सतीश मोहन मिश्रा, फिरदौस आलम, पंकज कुमार, राजेंद्र नायक, सकलदेव, राजू साव, इम्तियाज अहमद सहित अन्य उपस्थित थे।
