बंजारी मंदिर के पास नो-इंट्री में लगती है वाहनों की कतार, कुछ ही दूर तक लगे हैं स्ट्रीट लाइट |
रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र के रामगढ़-पतरातू फोरलेन पर बंजारी मंदिर के निकट खड़े ट्रक में बाइक की भिड़ंत हो गई। जिससे बाइक पर सवार युवक घायल हो गया। घायल की पहचान तेलियातू निवासी राहुल कुमार महतो (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक को एंबुलेंस से रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार राहुल कुमार महतो सदर अस्पताल रामगढ़ के एंबुलेंस का ड्राइवर है। गुरुवार की शाम तकरीबन आठ बजे वह अपनी बाइक पर नाइट शिफ्ट ड्यूटी करने सदर अस्पताल जा रहा था। इस दौरान बंजारी मंदिर के निकट एक वाहन के चकमा देने पर बाइक नो-इंट्री के कारण खड़े एक ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सदर अस्पताल भिजवाया गया।
मामले की सूचना पर पहुंचे बरकाकाना ओपी प्रभारी अख्तर अली ने दुर्घटना के संबंध में जांच पड़ताल की। उन्होंने कहा कि नो-इंट्री में बड़े वाहनों की कतार लंबी लगती है। सड़क पर स्ट्रीट लाइट भी पर्याप्त नहीं है। कई बड़े वाहन अंधेरे में इंडिकेटर चालू नहीं रखते और अधिकांश पर रिफ्लेक्टर भी नहीं है। उन्होंने कहा कि इसपर जरूरी पहल की जाएगी।
वहीं स्थानीय हरेश राय ने कहा कि रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहा है। बंजारी मंदिर के निकट नो-इंट्री में शाम तक बड़े वाहनों की कतार लग जाती है। जबकि स्ट्रीट लाइट कुछ दूरी तक ही लगाया गया है। साथ ही अमूमन यहां एक ट्रैफिक सिपाही भी की ड्यूटी रहती है। लेकिन दुर्घटना के दौरान सिपाही नहीं थे। वाहनों की कतार लंबी होने पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोई संकेत चिन्ह भी नहीं लगाया जाता है।