सांसद मनीष जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, जीत का मंत्र दिया
हजारीबाग: विधानसभा चुनाव को लेकर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के आव्हान पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह की अध्यक्षता में पैराडाइज रिसोर्ट के सभागार में हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें मुख्य रूप से सांसद मनीष जायसवाल, छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, हजारीबाग सदर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद उपस्थित रहे। बैठक से पूर्व अतिथियों का भाजपा कार्यकताओं ने फूलमाला पहनाकर और बुके देकर स्वागत किया।
बैठक के दौरान हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा और चुनाव में जीत के लिए कई टिप्स दिए। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने हजारीबाग सदर विधानसभा से प्रदीप प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है। सभी कार्यकर्ता हर एक बूथ मजबूत करें तो निश्चित रूप से भाजपा बड़ी मार्जिन से जीत करेंगी और प्रदीप प्रसाद विधायक बनकर जनता को सेवा देंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी मात्र चेहरा होता है। असल मायने में चुनाव कार्यकर्ता लड़ते हैं। हजारीबाग सदर विधानसभा के कर्मठ और अनुभवी कार्यकर्ता झारखंड में सर्वाधिक अंतर से जीत अवश्य सुनिश्चित करेंगे।
वहीं छत्तीसगढ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र का ही नहीं बल्कि झारखंड को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल तक झारखंड को गठबंधन सरकार ने लूटा है और घुसपैठियों को शरण दी है।समय रहते झारखंड की जनता नहीं जागी तो झारखंड को पश्चिम बंगाल बनने से कोई रोक नहीं पाएगा।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा चुनाव की तरह ही भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता घर- घर दस्तक देंगे और हजारीबाग से प्रचंड मतों से बीजेपी प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद को जिताकर झारखंड विधानसभा भेजने का काम करेंगे।
बैठक में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद ने कहा कि आप कार्यकर्ताओं के बदौलत ही मुझे पार्टी ने सदर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है।मैं वचन देता हूं कि आप सभी के मान- सम्मान का पूरा ख्याल रखते हुए हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र को आगे लेकर जाऊंगा।
बैठक को बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता केपी ओझा, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक यादव, शंकरलाल गुप्ता, सुदेश चंद्रवंशी, दिनेश सिंह राठौड़, नरेंद्र कुमार सहित सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा मंडल अध्यक्षों ने संबोधित किया। मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री सुमन कुमार पप्पू और धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिला उपाध्यक्ष दामोदर सिंह ने किया। बैठक में सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।