भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा कोयलांचल सहित आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा और गणपति की प्रतिमाओं‌ का विसर्जन किया गया। सजे-धजे वाहनों पर प्रतिमाओं के साथ पैदल श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-झूमते निकले। इस दौरान लोग एक दूसरे को गुलाल लगाते और जयकारा लगाते रहे। नदी और तालाब पर विधिवत पूजा अर्चना कर प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन कर श्रद्धालुओं ने भगवान से सुख-शांति की कामना की। 

बलकुदरा माइंस पर भंडारे का आयोजन 

भुरकुंडा परियोजना की बलकुदरा खुली खदान पर विश्वकर्मा पूजा के दूसरे दिन शुक्रवार को भंडारे का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन भुरकुंडा परियोजना पदाधिकारी कुमार राकेश सत्यार्थी और मैनेजर अजय सिंह ने प्रसाद वितरण किया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत निकाली नदी में प्रतिमा का विसर्जन कर मंगलकामना की गई। आयोजन को सफल बनाने में शशिभूषण सिंह, पप्पू सिंह, अमरेंद्र सिंह, संजीव दुबे, जावेद जफारी, भोला खरवार समेत बड़ी संख्या में आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय रहे।