रामगढ़: जिले में शुक्रवार को जगह-जगह भगवान विश्वकर्मा और गणपति की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इलाके के नदी, तालाब और पोखरों में पूजा समितियों ने जयकारे के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन किया और भगवान से मंगलकामना की। रामगढ़ शहर सहित कोयलांचल क्षेत्र में कई जगहों पर शोभायात्रा निकाली गया। जिसमें श्रद्धालु नाचते-झूमते और जयकार लगाते निकले। वहीं अधिकांश पूजा समितियों ने सादगी के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
बरकाकाना में भी नम आंखों से दी गई विदाई
विश्वकर्मा पूजा के दूसरे दिन शुक्रवार को बरकाकाना में पूजा समितियों ने प्रतिमाओं का विसर्जन किया। सीसीएल केंद्रीय कर्मशाला और रेलवे के विभिन्न विभागों ने सादगी के साथ पोचरा जोड़ा तालाब में प्रतिमाओं का विसर्जन किया। वहीं कई स्थानीय पूजा समितियों ने गाजे-बाजे के साथ नाचते-झूमते तालाब और पोखरों में पहुंचे। जहां बाबा विश्वकर्मा के जयकारों के बीच प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
