रांची: केंद्र सरकार के MMDR संशोधन और चंदा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी 26 सितंबर को राजभवन नहीं, बल्कि लोक भवन तक मार्च करेगी। इसके लेकर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें मार्च की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि MMDR संशोधन के जरिए केंद्र सरकार झारखंड के खनिज संसाधनों और राजस्व से जुड़े अधिकारों को कमजोर कर रही है। यह सीधे तौर पर राज्य के हितों पर हमला है, जिसे कांग्रेस किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
मार्च को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक कार्यकर्ताओं को जुटाने का निर्देश दिया गया है। पार्टी के सभी विभागों और प्रकोष्ठों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बताया गया कि पार्टी इन दोनों मुद्दों को गांव-गांव तक ले जाएगी।
बैठक में सतीश पॉल मुंजनी, गजेंद्र सिंह, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रामा खलखो, सेवादल अध्यक्ष नवीन सिंह, निशांत जायसवाल, किसान कांग्रेस के सुभाष कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
