BJP: 7 से 13 सभी प्रखंडों और 19 से 23 सभी जिला मुख्यालय पर होगा विरोध प्रदर्शन
रांंची। राज्य में स्टेट स्पॉन्सर्ड करप्शन चल रहा है। गांव-शहरों में भ्रष्ट नौकरशाह बैठे हैं और यहां राज्य में उन्हें संरक्षण देकर भ्रष्टाचार करनेवाली झामुमो की सरकार है। राज्य में अराजकता के माहौल में भाजपा भ्रष्टाचारी शासन के खिलाफ शंखनाद करती है। 7 से 12 नवंबर तक राज्य के सभी 260 प्रखंड मुख्यालय और 19 से 23 नवंबर को सभी 24 जिला के मुख्यालयों पर भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा विरोध प्रदर्शन करेगी। यह बातें भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साहिबगंज में अवैध खनन की पराकाष्ठा ने इतिहास रचा है। राज्य की खनिज संपदा को लूटा गया है। साहिबगंज में अवैध खनन में लगे मालवाहक पानी जहाज के डूबने की घटना पर राज्य सरकार लीपापोती कर बिहार का मामला बता रही है। साहिबगंज में अवैध खनन कौन कर रहे हैं और किसके संरक्षण में कर रहे हैं यह अखबारों की सुर्खियां बन रही हैं। लेकिन मामले में राज्य सरकार ने एक भी प्राथमिकी नहीं दर्ज की है और न ही वहां के डीसी और एसपी हटाये गयें है। घटना में लोगों की मौत भी हुई है। जिसपर दफा 302 के तहत मुकदमा चलना चाहिए। राज्य की जनता जानना चाहती है कि इस भ्रष्टाचार के पीछे कौन-कौन शामिल हैं।
दीपक प्रकाश ने कहा कि -रांंची में सेना की जमीन भी हड़पी जा रही है। लगभग 100 करोड़ की जमीन सिर्फ सात करोड़ में रजिस्टरी कर दी गई है और स्टांप ड्यूटी 20 करोड़ दिया गया है। रजिस्ट्री किसके नाम पर है और खरीदारी के पीछे कौन है, ईडी यह भी जांच करे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। राज्य में अपराध बढ़ता जा रहा है। इधर, सरकार ने मई से आपराध के आंकड़े को वेबसाइट पर अपलोड करने पर रोक लगा दिया है। राज्य में सबसे ज्यादा हत्याएं हुई हैं। आदिवासी समाज की महिलाओं से साथ अत्याचार हो रहा है। वहीं एसटी समाज की जमीनें हड़पी जा रही है। साथ ही पिछड़ा वर्ग के लोग को उनके अधिकार से वंचित रखा जा रहा है।
दीपक प्रकाश ने कहा कि पांच लाख सरकारी नौकरी देने का वादा कर सत्ता में आनेवाली झामुमो-कांग्रेस की सरकार अब शिविर लगाकर पढ़े लिखे लोगों को मुर्गी-सुअर पालने और अंडा फोड़ने की सलाह दे रही है। राज्य में विधि-व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। भाजपा इसका पुरजोर विरोध करती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और तारिक इमरान भी मौजूद रहे।
यह भी देखें:-