रातू: नौवीं रांची जिला ओपन इंटर स्कूल यूनाइटेड ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में एमबी स्कूल, बुंडू ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। मेजबान रॉयल पाम इंटरनेशनल स्कूल, सिमलिया दूसरे और डीएवी स्कूल, ओरमांझी तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में जिले के 12 विद्यालयों के 370 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
रांची जिला यूनाइटेड ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में रॉयल पाम इंटरनेशनल स्कूल, सिमलिया में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रॉयल पाम इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक जमशेद अंसारी और प्राचार्या शबनम आरा की भूमिका रही। वहीं, झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एमडी जमील अंसारी और सचिव शकील अंसारी सहित आयोजन टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन में जयपाल महतो, आफताब अंसारी, विकास तिर्की, खुशी तिर्की, फिजा परवीन, प्रतिमा कुमारी, निखिल लोहरा, बिरेंद्र कच्छप, सुलेखा महतो, अंजू कुमारी और चंचल कुमारी ने रेफरी एवं तकनीकी अधिकारियों के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
आयोजकों ने कहा कि स्कूली स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में ताइक्वांडो के प्रति रुचि बढ़ती है। इससे उन्हें आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

