| सेवा संकल्प यात्रा |
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसका शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, प्रदेश महामंत्री संगठन कर्मवीर सिंह, रविंद्र राय एवं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। सेवा संकल्प यात्रा के अंतर्गत आयोजित शिविर में भाजयुमो के कई कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया और दूसरों को भी प्रेरित किया।

अवसर पर आदित्य साहू ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे बड़ा कोई दान नहीं, क्योंकि हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान के माध्यम से हम जरूरतमंदों की सहायता के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभाते हैं।
वहीं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं को सामाजिक सेवा के ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजयुमो द्वारा सेवा और समर्पण की भावना के साथ विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। रक्तदान शिविर इसी सेवा संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगी और रक्तदान जैसे जनसेवा के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजयुमो रांची महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह, दिवाकांत दुबे, धीरज अग्रवाल सहित भाजयुमो के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
