सरहुल मैदान में होगा भव्य आयोजन
हजारीबाग: ऑल संथाल स्टूडेंट्स यूनियन, आदिवासी केंद्रीय सरना समिति और आदिवासी छात्र संघ की संयुक्त बैठक सरहुल मैदान हजारीबाग स्थित धूमकुरिया भवन में रविवार को हुई। जिसकी अध्यक्षता ऑल संथाल स्टूडेंट्स यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष मनोज टुडू एवं संचालन केंद्रीय प्रवक्ता आनंद सोरेन ने की। बैठक में सोहराय मिलन समारोह संयुक्त रूप से आगामी 22 जनवरी 2023 को सरहुल मैदान स्थित हजारीबाग में धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही हजारीबाग सोहराय पर्व में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निमंत्रण देने के लिए बात रखी गई।
अपने धर्म, संस्कृति और कला को आगे बढ़ायें युवा : आनंद सोरेन
मौके पर केंद्रीय प्रवक्ता आनंद सोरेन ने कहा कि इस सरहुल मैदान का सुंदरीकरण अति आवश्यक है। इस संबंध में प्रशासन के पदाधिकारियों से बात कर सरहुल मैदान के सुंदरीकरण के लिए बात रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि अपने धर्म स्थल के रक्षा के लिए युवाओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। कहा कि अपने धर्म की रक्षा वही करता है, जो अपने धर्म को बचाने के लिए अपने शरीर के एक-एक बूंद रक्त की कुर्बानी के लिए तैयार हो। सभी युवा अपने धर्म, कला और संस्कृति को बढ़ाने के लिए सदैव तत्पर रहें।
हमारी एकता ही है सबसे बड़ी ताकत : महेंद्र बैक
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष महेंद्र बैक ने कहा लोगों को एकजुट रहने की आवश्यकता है। झारखंड के तमाम आदिवासियों को एकजुट रहने की जरूरत है। जिससे हम सभी के अधिकार और सम्मान की रक्षा हो सके।
सोहराय मिलन समारोह का उद्देश्य संस्कृति को बढ़ावा देना: मनोज टुडू
यंगब्लड आदिवासी समाज सह ऑल संथाल स्टूडेंट यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष मनोज टुडू ने कहा कि प्रत्येक वर्ष सोहराय मिलन समारोह का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य अपने कल्चर को बढ़ावा देना और युवाओं को सिखाना है। इस नए वर्ष में सोहराय मिलन समारोह को काफी धूमधाम से मनाना है और साथ ही साथ अपने मांझी थान का सुंदरीकरण भी करना है।
बैठक में सोहराय कमेटी एवं हजारीबाग जिला कमेटी का गठन किया गया। सोहराय कमेटी में आनंद सोरेन, विकास टुडू, राजा हेंब्रम, अनुराग मुर्मू, संतोष हंसदा, कालेश्वर मुर्मू, छोटू सोरेन, अभय किस्कू, राजकुमार किस्कू, अजय टोप्पो, महेंद्र टोप्पो, अनिशा प्रीति लकड़ा, ललिता सोरेन, पूनम सोरेन, बिरसा मुंडा सहित कई लोगों का चयन किया गया।
वहीं हजारीबाग जिला कमेटी के संरक्षक बाबूचंद हंसदा, अध्यक्ष विकास टुडू, उपाध्यक्ष राजा हेंब्रम, एवं अनुराग मुर्मू, सचिव संतोष हंसदा, उपसचिव जितेश मुर्मू, कोषाध्यक्ष छोटू सोरेन का चयन किया गया।
बैठक में ऑल संथाल स्टूडेंट यूनियन के केंद्रीय प्रवक्ता आनंद सोरेन, रामगढ़ जिला उपाध्यक्ष राजकुमार किस्कू, सचिव अभय किस्कू, विकास टुडू, आदिवासी केंद्रीय सरना समिति से अध्यक्ष महेंद्र बैंक, उपाध्यक्ष महेंद्र टोप्पो, सरोज टोप्पो, प्रीतम उरांव, कोषाध्यक्ष जीत वाहन भगत, सचिव फुलवा कच्छप, पानू, संरक्षक बंधन एक्का, रतन केरकेट्टा, महेंद्र कुजुर, रवि, आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष अजय टोप्पो, बिरसा मुंडा सहित कई लोग मौजूद थे।